18 फरवरी से होने वाली यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक गुरुवार को महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में हुई।
जिसमें परिषद की ओर से जारी निर्देशों की जानकारी दी गई। डीआईओएस की मानें तो नए नियमों के तहत परीक्षार्थियों की अनुपस्थिति की सूचना आनलाइन दी जाएगी।
केंद्र व्यवस्थापकों को सिमकार्ड उपलब्ध कराने के साथ ही शनिवार को मुगलसराय में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी शिवकुमार शर्मा ने कहा कि यूपी बोर्ड की परीक्षाओं को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं।
एडीएम परीक्षा के लिए नोडल अधिकारी नामित हैं तो संबंधित उप जिलाधिकारी को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी परीक्षा पर नजर बनाए रखेंगे।
कहा कि परीक्षा में अनुचित साधन का प्रयोग न हो इसके लिए सभी केंद्र व्यवस्थापक और सेक्टर मजिस्ट्रेट सीधे तौर पर जिम्मेदार माने जाएंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक डा. मालती राय ने बताया कि बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 21 मार्च तक चलेंगी। इस दौरान परीक्षा भवन में कक्ष निरीक्षकों और परीक्षार्थियों को मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
कापियां जमा करने के लिए चंदौली और चकिया में संकलन केंद्र बनाए गए हैं। उपनियंत्रक संकलन केंद्र डा. रामचंद्र शुक्ल ने बताया कि तय समय सीमा के भीतर कापियां जमा नहीं करने पर संबंधित परीक्षा केंद्र को स्पष्टीकरण देना होगा।
इस अवसर पर बीएसए पीसी यादव, तहसीलदार गुलाब चंद्रा आदि उपस्थित रहे। संचालन डा. रामचंद्र शुक्ल ने किया।