शहाबगंज। क्षेत्र के डुमरी गांव में शुक्रवार की रात एक घर में घुसे चोर लाखों रुपये के गहने और नकदी समेट ले गए। एक साल पहले हुई बेटी की शादी में मिले आभूषण के अलावा मां के गहने चोरी हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। शहाबगंज थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी महात्मानंद तिवारी की बेटी प्रीति अपने मायके आई है। महात्मानंद के अनुसार शुक्रवार की रात पत्नी अलखराजी समेत परिवार के सभी लोग खाना खाकर छत पर सोने चले गए। साढ़े बारह बजे प्रीति की आंख खुली तो वह नीचे जाने लगी लेकिन सीढ़ी का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद उसने माता-पिता को जगाया और दरवाजा बंद होने की जानकारी। सभी लोग शोर मचाने लगे। किसी तरह दरवाजा खोला गया तो कमरे में रखी अलमारी खुली थी और सारा सामान बिखरा था। महात्मानंद ने बताया कि पत्नी और पुत्री के करीब 16 लाख रुपये के गहने चोरी हुए हैं। बताया कि अलमारी में रखा सोने के हार, सिकड़ी, मांगटीका, अंगूठी, बाली, झुमका और बक्से में रखे 76 हजार रुपये चोर ले गए। शनिवार की सुबह कुंडेहरा के सिवान में दो बक्से और कुछ कपड़े पड़े मिले। सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चोरों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।