पीडीडीयू नगर। राजकीय रेलवे पुलिस ने शनिवार को अंतरप्रांतीय चोर गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार चोर के पास से चोरी के 25 मोबाइल फोन बरामद हुए। बरामद फोन की कीमत 6.25 लाख रुपये है। बदमाश पश्चिम बंगाल के मालदा से दिल्ली तक यात्रियों के सामान को चुराता था। पीडीडीयू जीआरपी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार की सुबह प्लेटफार्म संख्या एक और दो के पश्चिमी छोर पर लाइन शहीद बाबा मजार के पास पुलिस टीम पहुंची तो यहां एक युवक संदिग्ध हाल में दिखा। उसे पकड़कर उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें एक दम नए 25 मोबाइल फोन बरामद हुए। वह मोबाइल फोन के कागजात नहीं दिखा सका। पूछताछ में युवक ने अपना नाम रोहन शेख निवासी महब्बतपुर थाना कालिया चक जिला मालदा, पश्चिम बंगाल बताया। पूछताछ में उसने बताया कि वह ट्रेनों और स्टेशन परिसर में यात्रियों के सामान की चोरी करता है। जीआरपी निरीक्षक ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन की कीमत 6.25 लाख रुपये है। युवक का चालान किया गया है।