सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के खडे़हरा गांव में मंगलवार की देर रात चोरों ने दो घरों के निशाना बनाते हुए 35 हजार रुपये नगदी समेत लगभग एक लाख रुपये के जेवरात समेत कपड़ों पर हाथ फेर दिया। बुधवार की सुबह घटना की जानकारी होने के बाद पीड़ित परिवारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
राजभर बुद्धिजीवी महासभा के जिलाध्यक्ष अदालती राजभर की खडे़हरा गांव में मकान है। अदालती राजभर मंगलवार की शाम रिश्तेदारी में आयोजित तिलक समारोह में गये हुए थे। घर पर उनकी पत्नी फूला देवी, बहू संजू और पुत्र रितेश मौजूद थे। देर रात अदालती राजभर भी तिलकोत्सव समारोह से घर वापस लौट आये। मध्य रात्रि पीछे के रास्ते से चोर घर में घुस गये। चोरों ने इत्मिनान से अटैची व ताला तोड़कर 35 हजार नगदी सहित एक लाख से अधिक के आभूषण चोरी कर वहां से निकल गये। इसके बाद पड़ोसी विजेन्द्र राय के घर में चोर घुस गये। जहां चोरों ने कपड़ा सहित अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। बुधवार सुबह घर की महिलाओं ने दरवाजा बंद होने पर फोन कर दरवाजा खुलवाया। दूसरे कमरे का ताला टूटा और बिखरा हुआ सामान देखकर उनके होश उड़ गये। दोनों ही परिवार वालों ने इसकी लिखित तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।