पीडीडीयू नगर। सावन माह के दूसरे सोमवार को शिवालयों में भक्त उमड़े। कांवड़ में जल लेकर नंगे पैर बोल बम का जयकारा लगाते हुए भक्त शिवालयों में पहुंचे और बाबा का जलाभिषेक किया। वहीं शिवलिंग पर बेलपत्र, भांग, धतूरा, फूल माला अर्पित किया। वहीं व्रती महिलाओं ने भी भगवान शिव की पूजा अर्चना की और अभीष्ट की कामना की। इस मौके पर विभिन्न शिवालयों में रुद्राभिषेक किया गया। वहीं घरों में भी पुरोहितों को बुलाकर रुद्राभिषेक कराया गया। वैसे तो सावन में पूरे माह भगवान शिव की अराधना का महत्व है। सोमवार को भगवान शिव का दिन माना जाता है। इस दिन भक्तें ने भगवान शिव की अराधना को लेकर विशेष उत्साह रहता है। सावन माह के दूसरे सोमवार को शिवालयों को फूल-माला, विद्युत झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। यहां सुबह ही श्रद्धालु शिव दरबार में पहुंचने लगे। नगर के कैलाशपुरी, रविनगर, जीटी रोड पर शिव मंदिर, लाठ नंबर दो, गल्ला मंडी, शाहकुटी, काली महाल, चतुर्भुज, नई बस्ती, सिद्धार्थपुरम कॉलोनी, अलीनगर, सुभाषनगर, चंदासी, रविनगर के साथ ही रेलवे के आरपीएफ कॉलोनी, मानसनगर, डीजल कॉलोनी, प्लांट डिपो कॉलोनी स्थित शिवालयों में भक्तों की भीड़ सुबह से शाम तक लगी रही। विभिन्न मंदिरों पर भक्तों ने पुरोहितों को बुलाकर रुद्राभिषेक और दुग्धाभिषेक कराया। शाम के वक्त शिवालयों में भगवान शिव का विशेष शृंगार आरती की गई।
बरठी स्थित कालेश्वरनाथ धाम में बाबा के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी। कांवड़ियों ने भी भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। वहीं अन्य भक्तों ने भी बाबा की विधि विधान से पूजा अर्चना की। इसी तरह क्षेत्र के अन्य शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही। वहीं लोगों ने घर में भी रुद्राभिषेक कराया। भक्तों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। दिन भर मंदिर परिसर हर हर महादेव की गूंज से गूंजता रहा। बाबा जागेश्वरनाथ शिवालय में स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक दुग्धाभिषेक के साथ दर्शन पूजन किया। साथ ही यहां लगे मेले में भक्तों ने खरीदारी की और झूले का आनंद उठाया। पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष कोतवाल अतुल प्रजापति के नेतृत्व में पीएसी और पुलिस के जवान तैनात रहे।