पीडीडीयू नगर। महाशिवरात्रि पर प्रयागराज महाकुंभ मेंे अंतिम स्नान के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी लौटने वाले यात्रियों से जंक्शन पटा रहा। हालांकि भीड़ बुधवार की अपेक्षा कम रही।
बृहस्पतिवार को प्रयागराज से आने वाली कुंभ स्पेशल सहित मेल, एक्सप्रेस ट्रेनों में खचाखच भीड़ देखने को मिली। हालांकि अपलाइन की ट्रेनों में भीड़ नाम मात्र की रही। इससे विभागीय कर्मचारियों में राहत दिखी। लौटने वाली ट्रेनों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जीआरपी, आरपीएफ और जिला पुलिस मुस्तैद रही। प्रयागराज महाकुंभ के बुधवार को समापन के बाद लौटने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। इस दौरान पीडीडीयू जंक्शन पर बृहस्पतिवार को भी लौटने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इस बीच कुंभ स्पेशल ट्रेनों का आवागमन जारी है। ताकि श्रद्धालुओं को जल्द से जल्द गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। इसके लिए रेल प्रशासन युद्ध स्तर पर लगा है। इसके अलावा श्रद्धालु डाउनलाइन की नियमित मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी सवार होकर घर वापसी कर रहे हैं । बृहस्पतिवार को रेल प्रशासन की तरफ से प्रयागराज से 26 और वाराणसी से 4 स्पेशल ट्रेनों को पीडीडीयू जंक्शन भेजा गया। इसमें 9 स्पेशल ट्रेनों को पटना और 7 ट्रेनों को गया रेलखंड पर भेजा गया। वहीं पीडीडीयू जंक्शन से 35 स्पेशल ट्रेनों को प्रयागराज भेजा गया।