बिजली विभाग में वर्षों पहले लिए गए कनेक्शन के दस्तावेज उपलब्ध नहीं है। उपकेंद्र में रखे गए दस्तावेज को दीमक चट कर गए हैं। यह बात चंदासी विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ मनोज कश्यप ने सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी में दी है। नगर के वार्ड नंबर 16 अलीनगर निवासी सुनील यादव ने पिछले दिनों जन सूचना के अधिकार के तहत 29 दिसंबर को विद्युत वितरण खंड मुगलसराय से जारी कनेक्शन को किस दस्तावेज के आधार पर दिया गया है, इसकी जानकारी मांगी थी। दो फरवरी को एसडीएम मनोज कुमार कश्यप ने जानकारी दी है कि जो सूचना मांगी गई है। वह दस्तावेज उपलब्ध नहीं है। दीमक लगने से पत्रावली नष्ट हो गई है। आवेदनकर्ता सुनील कुमार यादव ने कहा कि एक तरफ देश डिजिटल बन रहा है। सब कुछ ऑनलाइन है। ऐसे में कनेक्शन के दस्तावेज का दीमक के चट करना हास्यास्पद है। कहा कि इसकी शिकायत विभाग के एमडी सहित अन्य उच्चाधिकारियों से की जाएगी।