पीडीडीयू रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में सवार होने के लिए जद्दोजहद करते लोग। संवाद
पीडीडीयू नगर। होली पर घर वापसी को लेकर ट्रेनों में मारामारी की स्थिति है। भीड़ से बचने के लिए रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनें चलाई गई है लेकिन स्पेशल ट्रेनो में भी सीट फुल हो चुकी है। ऐसे में जनरल ही नहीं स्लीपर कोच में भी भूसे की तरह भरकर यात्री वापस लौट रहे हैं। भीड़ को सभालने में आरपीएफ और जीआरपी को पसीने बहाने पड़ रहे हैं। पूर्वांचल और बिहार से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, मुबई, कोलकाता, चेन्नई, कोटा, सिकंदराबाद आदि शहरों में रहते हैं। प्रवासी होली, दीपावली, डाला छठ जैसे पर्व पर घर वापस आते हैं। इस वर्ष होली 4 मार्च को मनाई जाएगी। ऐसे में कामगार घर लौटने लगे हैं। इससे डाउन की ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ दिख रही है। शुक्रवार को ब्रह्मपुत्र मेल, कोटा पटना, सिकंदराबाद, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, श्रमजीवी, संघमित्रा एक्सप्रेस, महाबोधि एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ दिखी। भीड़ नियंत्रण के लिए आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग की टीम लगी रही। इस संंबंध आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि भीड़ नियंत्रण के लिए आरपीएफ और जीआरपी की टीम लगातार सक्रिय है।