मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत व्यास नगर रेलवे कालोनी में महिला कर्मचारी के क्वार्टर में शुक्रवार की दोपहर खिड़की तोड़कर घुसे चोरों ने पांच लाख मूल्य के गहने और नब्बे हजार नकदी चुरा लिए। पीड़ित पक्ष ने जलीलपुर चौकी में सूचना दी। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित पक्ष ने रविवार कोतवाली में तहरीर दी है।
महिला रेल कर्मचारी लाली देवी अपने बेटे और बेटी के साथ क्वार्टर में रहती हैं। लक्ष्मी का बेटा जयप्रकाश निजी वाहन चालक है। शुक्रवार को लाली देवी और जयप्रकाश अपने काम पर चले गए और बेटी प्रीति पढ़ने चली गई। क्वार्टर में ताला बंद देख दोपहर में ही चोर खिड़की तोड़ कर अंदर घुस गए और पूरे घर को खंगाल डाला।
चोरों ने अटैची से आलमारी की चाभी निकाली और आलमारी में रखे सोने की पांच जोड़ा कान की बाली, पांच सोने की चेन, एक मांग टीका, नथिया, मंगलसूत्र, छह अंगूठी, चांदी की एक करधनी सहित पांच लाख रुपये मूल्य के सामान के साथ नब्बे हजार रुपये नकदी, बच्चों के गुल्लक आदि लेकर चलते बने।
देर शाम घर के सदस्य वापस लौटे तो आलमारी खुला और सामान गायब मिला। पीड़ित लाली देवी ने जलीलपुर चौकी को सूचित किया। लाली देवी के अनुसार चौकी इंचार्ज ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
इस पर पीड़ित ने रविवार को मुगलसराय कोतवाली में तहरीर दी है। हालांकि मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
इस संबंध में कोतवाल विनोद यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।