चोरों ने बुधवार की रात सदर कोतवाली क्षेत्र के नवहीं पुलिया पर स्थित देशी
व अंग्रेजी शराब की दूकानों के अलावा एक जनरल स्टोर को भी खंगाला।
शराब
की दो दूकानों में पिछले हिस्से में सेंध लगाकर चोर नकदी सहित हजारों
रुपये मूल्य की शराब भी लेते गए। वहीं जनरल स्टोर का शटर तोड़कर अंदर घुसे
चोरों ने 29 हजार रुपये नकदी समेत रिचार्ज कूपन, मोबाइल व सिगरेट के साथ ही
खाद्य सामग्री पार कर दिया। गुरुवार को सुबह जानकारी होने पर वहां
ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया।
नवहीं
पुलिया पर देशी व अंग्रेजी शराब की दूकान है। उक्त पुलिया के समीप करीब दो
दर्जन से अधिक दूकानें हैं। बुधवार की रात किसी समय चोरों ने शराब की
दुकानों में सेंध लगाकर नकदी व शराब पर हाथ साफ कर दिया। देशी शराब की
दूकान से दस हजार नकदी व आठ हजार की शराब तथा अंग्रेजी शराब की दूकान से
4500 रुपये नकदी व 16000 रुपये की शराब चोरी हुई है। इसी तरह बगल में स्थित
जनरल स्टोर की दूकान को भी चोरों ने खंगाल दिया। चोर गल्ले में रखी 28500
रुपये नकदी के साथ ही सिगरेट, रिचार्ज कूपन व मोबाइल चुरा ले गए। भुक्तभोगी
ओंकार, पिंटू यादव व दिनेश यादव ने कोतवाली पुलिस को चोरी की लिखित सूचना
दी।
इनसेट------
तहसील से बाइक चोरी
चंदौली। सदर तहसील परिसर से
बुधवार की शाम बरहनी गांव निवासी दिलीप सिंह की बाइक चोरों ने उड़ा दी।
भुक्तभोगी जब इसकी तहरीर कोतवाली पुलिस को देने कोतवाली पहुंचे, तो पुलिस
ने आनाकानी की। इस पर उन्होंने एसपी मुनिराज जी से शिकायत करने की बात कही,
तब पुलिस ने उसकी तहरीर ली। दिलीप सिंह नगर के एक बैंक में कर्मचारी हैं,
जो किसी काम के कारण सदर तहसील परिसर में आए हुए थे। इसी बीच मौका देख
चोरों ने बाइक उड़ा दी।
इनसेट
गृहस्वामी सोते रहे, हो गई चोरी
मुगलसराय।
स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सुभाषनगर बेचूपुर में बुधवार की रात चिरंजीव
लाल पुत्र रामजनम विश्वकर्मा के घर में घुसकर चोरों ने आठ हजार रुपये नकदी
सहित हजारों रुपये मूल्य के सामानों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने घटना की
जानकारी स्थानीय कोतवाली पुलिस को दे दी है।
सुभाषनगर बेचूपुर निवासी
चिरंजीव लाल अपने परिवार के साथ प्रतिदिन की भांति बुधवार को खाना खाकर सो
गए। सुबह जब उनकी की पत्नी सरोज उठी तो घर में से एलईडी टीवी गायब देख सन्न
रह गई और इसकी जानकारी परिवार के लोगों को दी।
परिवार के लोगों ने छानबीन
किया तो पाया कि टीवी सहित पैंट की जेब में रखे आठ हजार रुपये नकद, सेटअप
बॉक्स और टीवी रिमोट भी गायब मिला।
पीड़ित ने घटना की तहरीर मुगलसराय थाने
में दे दी है। पुलिस तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।
इनसेट
नईबाजार क्षेत्र में भी हाथ मारा
नईबाजार।
पुलिस चौकी क्षेत्र में बुधवार की रात हरिचरना गांव में निवासी वंशराज राम
के दरवाजे से तीन पशुओं को रात चोरों ने चुरा लिया।
वहीं सदर कोतवाली
अन्तर्गत नदरा गांव स्थित वनसत्ती माता मंदिर पर विधायक निधि से लगी सोलर
लाइट की बैटरी को चोरों ने उड़ा दिया।
पीड़ित वंशराज राम ने चौकी पर यह
जानकारी दी। पुलिस चौकी इंचार्ज विनोद सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की
जानकारी मिली है।