रेलवे मंडल में आरपीएफ द्वारा 29 अगस्त से 04 सितंबर तक मनाये जा रहे स्थापना सप्ताह दिवस के पांचवें दिन बुधवार की शाम यात्रियों को को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक का मंचन रेलवे स्टेशन पर किया गया।
इसमें सफर के दौरान अनजान लोगों से मेल जोल न बढ़ाने व उनके द्वारा दी गयी खाद्य समाग्रियों को नहीं खाने समेत अन्य विषयों के माध्यम से सावधान किया गया। इसके जरिए यात्रियों को बताया कि जहरखुरान गिरोह के सदस्य किस तरह यात्रियों से मेल जोल बढ़ाकर उन्हें अपना शिकार बनाकर चलते बनते हैं।
दिखाया कि छुट्टी लेकर ट्रेन में सवार होकर घर जा रहे कुछ फौजी महिला को बैठने के लिए सीट दे देते हैं और वह महिला धीरे-धीरे उनसे मेलजोल बढ़ाकर उन्हें बिस्कुट के साथ नशीला पदार्थ खिलाकर उन्हें बेहोश कर उनका सामान लेकर फुर्र हो जाती है। वहीं अन्य नाटक के जरिये रेलवे स्टेशन पर जगह-जगह केले के छिलके फेंके जाने से होने वाली दुर्घटना के बारे में भी अवगत कराया गया।
वहां मौजूद यात्रियों ने नाटक का खूब लुत्फ उठाया। इस दौरान आरपीएफ वेस्ट पोस्ट प्रभारी वेंकटेश कुमार, अप पोस्ट प्रभारी बीके तिवारी मौजूद थ्ाे।