पीडीडीयू नगर/ताराजीवनपुर। विगत सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जिले में आने और रिंग रोड का निरीक्षण की खबर मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी ने ताराजीवनपुर स्थित मटकुट्टा रेलवे फाटक पर सड़क के गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया था। वहीं मुख्यमंत्री का दौरा निरस्त होने की खबर आते ही कार्य बंद कर दिया गया जिसे अब तक शुरू नहीं किया गया है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बारिश के कारण कार्य बंद किया गया है जिसे शीघ्र आरंभ किया जाएगा। वहीं सड़क पर बने गड्ढों को भरने का काम बंद होने से लोगों में नाराजगी है।
जनपद के सैयदराजा में बन रहे मेडिकल कॉलेज और रिंग रोड के निरीक्षण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आना था। जिसकी तैयारी में अधिकारी लग गये थे। इसके तहत अलीनगर-सकलडीहा मार्ग व रिंग रोड के समीप मटकुट्टा गेट पर सड़क पर बने गड्ढों को भरने के साथ ही मरम्मत का कार्य किया जाना था लेकिन सीएम का कार्यक्रम रद्द होने की जानकारी मिलते ही अधिकारियों ने तत्काल कार्य भी बंद करा दिया। इससे राहगीरों को एक बार फिर मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं क्षेत्र की कई अन्य सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण दिक्कत हो रही है।
ताराजीवनपुर। अलीनगर-सकलडीहा मार्ग पर मुख्यमंत्री के आगमन से पहले गड्ढों को भरा जा रहा था। इस दौरान कई स्थानों पर गड्ढे भर दिए गए तो कहीं पिचिंग का कार्य चल रहा है। अलीनगर-सकलडीहा मोड़ पर खतरनाक गड्ढा बन गया था जिसे भरकर पिचिंग का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। हालांकि मटकुट्टा गेट पर गड्ढों को भरने का कार्य अभी भी बाकी है। संवाद
जिले की कई सड़कों पर गड्ढों को भरने का कार्य चल रहा है। बीच-बीच में हो रही बारिश के कारण कार्य रोकना पड़ रहा है। मटकुट्टा रेलवे गेट पर भी बारिश के कारण ही कार्य रोका गया है। बारिश रुकते ही कार्य आरंभ कर सड़क पर बने गड्ढों को भरवा दिया जाएगा।
डीपी सिंह, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी।
सीएम के आने की सूचना पर सड़को की मरम्मत का कार्य आरंभ करा दिया गया था। लेकिन जैसे ही कार्यक्रम रद्द होने की सूचना आई, अधिकारी भी चुप्पी साध लिए हैं और गड्ढों को भरने का कार्य भी बंद हो गया। संदीप गुप्ता, पीडीडीयू नगर।
सीएम के आगमन से पहले ही अलीनगर-सकलडीहा मार्ग पर बने गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा था। उम्मीद जगी थी कि अब सड़क ठीक हो जाएगी लेकिन सीएम का आगमन रद्द होना मुसीबत बन गया है। राकेश तिवारी बाबा, कोरी।
जनपद में मुख्यमंत्री का आगमन यदि हर छह माह पर हो तो जनता की कई समस्याओं का समाधान हो जाएगा। सीएम के आगमन से एक दिन पहले रविवार होने के बावजूद सड़क की मरम्मत का कार्यआरंभ हो गया था। एड. रामलाल यादव, अलीनगर।
क्षेत्र की कई सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं लेकिन अधिकारी मरम्मत नहीं करवा रहे हैं। इसका खामियाजा राहगीरों को घायल होकर भुगतना पड़ रहा है। अलीनगर-सकलडीहा मार्ग तो मुख्य मार्ग है। रामविलास यादव, रेवसा।