पीडीडीयू नगर। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन शाखा तीन के त्रैवार्षिक चुनाव के लिए मतदान की शुरूआत बुधवार को हुई। डीआरएम ऑफिस के समीप शाखा कार्यालय में बने पांच बूथों पर रेलकर्मियों ने मतदान किया। दो दिवसीय मतदान के पहले दिन 1059 कर्मियों ने मतदाधिकार का प्रयोग किया। यहां कुल 1363 मतदाता हैं। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन शाखा नंबर तीन के त्रैवार्षिक चुनाव के लिए 11 सितंबर को ईसीआरकेयू के महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव ने अधिसूचना जारी की थी। यहां अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष, शाखा सचिव, संयुक्त सचिव, उपाध्यक्ष, सहायक सचिव, संगठन सचिव, कोषाध्यक्ष, टीजीएम, केंद्रीय परिषद सदस्य का चुनाव हो रहा है। इसमें दो पक्ष चुनाव में खड़े हैं। चुनाव में शाखा सचिव के लिए सीबी राय हथौडा और अशोक सिंह सीढ़ी चुनाव चिह्न से अपने दल का नेतृत्व कर रहे हैं। बुधवार को दो दिवसीय मतदान की शुरूआत हुई।
शाखा से जुड़े कुल 1363 मतदाताओं की सुविधा के लिए शाखा कार्यालय पर विभागवार पांच मतदेय स्थल बनाए गए इंजीनियरिंग, गार्ड, परिचालन, डीआरएम ऑफिस एवं मेडिकल/सीएचआई विभाग के कर्मचारियों के लिए बने अलग अलग बुथों पर पहले दिन सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक कुल 1059 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। बृहस्पतिवार को भी मतदान होगा। 14 अक्तूबर को मतों की गणना कर विजेता की घोषणा की जाएगी।
चुनाव पर्यवेक्षक यूनियन के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मिथिलेश कुमार, केंद्रीय संगठन सचिव बीबी पासवान ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्वक पहले दिन मतदान हुआ है। इसके पूर्व चुनाव में शांति व्यवस्था के लिए मुगलसराय कोतवाली पुलिस, रेलवे चौकी प्रभारी दिनेश पटेल, रेलवे सुक्षा बल डीडीयू पोस्ट प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दल बल के साथ मौजूद रहे। इस मौके पर चुनाव सह पर्यवेक्षक वीरेंद्र पासवान, राजीव रंजन कुमार, मनोज कुमार, संजय कुमार, इमरान खान भी रहे।
-------------------------------------
रिपोर्ट और संपादन- कृष्ण मुरारी मिश्र