चकिया। नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय चकिया प्रथम में बृहस्पतिवार को शिक्षणोनयन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि चकिया विधायक कैलाश खरवार आचार्य ने विद्यालय के 626 बच्चों में से 478 बच्चों को टाई, बेल्ट, आई कार्ड तथा दैनंदिनी का वितरण किया। इस अवसर पर विधायक को अंग वस्त्र स्मृति चिन्ह देकर विद्यालय परिवार द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि छात्र की सफलता के लिए हर संभव प्रयत्न करना शिक्षक का दायित्व है। इसके लिए शिक्षक को बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा तय की शिक्षण गाइडलाइन के अनुसार छात्रों को शिक्षित करने तथा उनका उचित मार्गदर्शन करने की ओर अग्रसर होना चाहिए। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र प्रताप सहाय, प्रधानाध्यापक राजेश पटेल, पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक मीना राय, लेखा लिपिक राकेश रोशन, रामजी मौर्य, उषा पांडेय, शालू कटिहार मौजूद रहे। संचालन चंद्रभान सिंह ने किया।