संवाद न्यूज एजेंसी पीडीडीयू नगर। जिले के मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। शुक्रवार को दिन में गरज-चमक से साथ 15 मिनट झमाझम बारिश हुई । इसके बाद धूप निकल गई । इससे उमस बढ़ गई और लोगों को परेशानी हुई।
दिन का अधिकतम तापमान बृहस्पतिवार के 31 से बढ़कर 33 और न्यूनतम तापमान 26 से बढ़कर 27 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बारिश से कुछ क्षेत्रों में जलभराव हो गया और आवागमन में दिक्कत हुई।
दोपहर के करीब डेढ़ बजे काले बादल छा गए और बिजली कड़कने लगी। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। लगा कि अच्छी बारिश होगी लेकिन 15 मिनट बरसने के बाद बादल गायब हो गए और धूप निकल आई। वहीं हवा के भी बंद हो जाने के कारण उमसभरी गर्मी से लोग परेशान रहे।
शाम को हवा बंद हो जाने से लोगों को पंखे, कूलर और एसी पूरी गति से चलाने पड़े। हल्की बारिश के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है। तीन दिनों के बाद बारिश होने से धान की फसल को फायदा हुआ है।
खासकर नहरों के टेल के खेतों के किसानों ने राहत की सांस ली है। बारिश के बाद नगर में निर्माणाधीन फोरलेन व निचले वार्डों में सड़कों पर पानी भर जाने से आवागमन में लोगों को परेशानी अवश्य उठानी पड़ी।
शाम के छह बजे के बाद बादलों ने फिर डेरा डाल दिया था जिससे बारिश की संभावना बन गई थी। राज्य कृषि व मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी शनिवार और रविवार को भी जिले के कुछ स्थानों में वर्षा व गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। माैसम के उतार चढ़ाव से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इससे तमाम प्रकार की बिमारी भी हो रही है। इस दाैरान खान-पान में सावधानी बरतने की सलाह चिकित्सक दे रहे हैं।