धानापुर। क्षेत्र के ओदरा गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय मंगलवार को जिले भर में चर्चा का विषय बना है। पूरे विद्यालय को भगवा रंग में रंगवा दिया गया है। चर्चा है कि विद्यालय के पास एक प्रत्याशी की जनसभा होने वाली है। उसकी तैयारी को लेकर प्रधानाध्यापक और ग्राम प्रधान ने विद्यालय को रंगवा दिया है। बीएसए सत्येंद्र सिंह ने नोटिस जारी जल्द से जल्द पुताई कराने का आदेश दिया है। धानापुर ब्लॉक के ओदरा गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय की बाहरी दीवारों को भगवा रंग मे रंगवा दिया गया है। पूछने पर प्रधानाध्यापक ने प्रधान की गलती बताई। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय के पास एक प्रत्याशी की जनसभा होनी है, जिसकी कई दिनों से तैयारी चल रही है। इसलिए विद्यालय को भगवा रंग में रंगवा दिया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी अवधेश नारायण सिंह ने बताया कि यह काम शासनादेश के खिलाफ है। विद्यालय की बाहरी दीवार सफेद, हरे या लाल रंग की पट्टी के साथ होनी चाहिए। मामले की जांच कर कर्रवाई की जाएगी। प्रधानाध्यापक घनश्याम सिंह ने बताया कि यह काम ग्राम प्रधान ने साफ-सफाई के दौरान जानकारी के अभाव में कराया है। वहीं, ग्राम प्रधान विनोद बिंद ने कहा कि जानकारी के अभाव में विद्यालय को रंगवा दिया गया है। बाद में पता चला कि यह गलत है। जल्द ही सफेद रंग से पुताई करा दी जाएगी।