पीडीडीयू नगर। नगर के विकास के नाम पर नगर पालिका की ओर से करोड़ो का बजट पास होता है। इसके बावजूद इसके नगर के सड़कों की स्थिति काफी दयनीय है। काली महाल और चतुर्भुपुर वार्ड की सड़कें बदहाल हो चुकी हैं। वाहन से और पैदल जा रहे लोग गिरकर चोटिल होते रहते हैं। क्षेत्रीय लोगों ने कई बार इसकी शिकायत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से की पर आज तक किसी ने जनता के दर्द को नहीं समझा। काली महाल और चतुर्भुजपुर वार्ड में सड़कों की हालत बद से बदतर हो चुकी है। ऊबड़-खाबड़ सडकों के कारण लोगों को मार्ग से गुजरने में काफी परेशानी होती है। हल्की सी बारिश में वार्डों की सड़के झील में तब्दील हो जाती हैं। काली महाल निवासी विजय तिवारी ने कहा कि वर्षों से वार्ड का विकास बाधित है। वार्ड में सड़क व पानी निकासी की समस्या के चलते लोगों का जीना मुुहाल हो गया है। विशाल कुमार ने कहा कि दोनों ही वार्ड नगर पालिका कार्यालय से लगभग एक से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है लेकिन इन वार्डो में कभी भी क्रमबद्ध तरीके से विकास से संबंधित कोई कार्य हुआ ही नहीं। आजाद सोनकर ने कहा कि वार्ड में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। वार्ड में सड़कों की स्थिति ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों से भी अधिक खराब है। चतुर्भुपुर वार्ड निवासी अजय क्षत्रीय ने कहा कि हल्की सी बारिश ने वार्ड में विकास कार्यो की पोल खोलकर रख दी है। सड़कों पर गड्ढों में पानी भर गया है वहीं नालियां भी बजबजा रही है।