चकिया। ताऊते के तूफान के चलते मूसाखंड बांध तथा लतीफशाह बीयर के जलग्रहण क्षेत्रों में 22.5 मिमी बरसात हुई है। इससे बांध और बीयर के जल स्तर में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं कर्मनाशा सिस्टम के नौगढ़ तथा मूसाखाड़ बांध में धान की नर्सरी तथा रोपाई के लिए 20 दिनों का पानी मौजूद है। जब कि चंद्रप्रभा बांध में मात्र 10 दिनों का ही पानी उपलब्ध है। जो सिर्फ नर्सरी डालने तक ही सीमित रहेगा। ताऊते तूफान के प्रभाव के चलते पर्वतीय वन क्षेत्र के निचले हिस्सों में ही बरसात हुई है। मूसाखंड बांध, लतीफशाह बीयर और मुजफ्फरपुर बीयर में ही बरसात अच्छी हुई है। जबकि नौगढ़ तथा चंद्रप्रभा बांध में कम पानी बरसा है। मूसाखंड बांध में बुधवार और बृहस्पतिवार को हुई बारिश में कुल औसत 22.5 मिलीमीटर बरसात हुई है। इससे मूसाखाड बांध का जलस्तर 306 फीट से बढ़कर 307 फिट हो गया है। इसी प्रकार लतीफशाह बीयर का जलस्तर भी आधा फीट बढ़ा है। चंद्रप्रभा प्रखंड सिंचाई विभाग के सूत्रों के अनुसार कर्मनाशा सिस्टम के नौगढ़ मूसाखंड बांध में 14 मिलीयन घन फुट पानी मौजूद है। कर्मनाशा सिस्टम में 20 दिन का पानी मौजूद है। इससे खेतों में धान की नर्सरी डालने तथा अग्रिम रोपाई के लिए 20 दिन का पानी मिलेगा।