लोहरा से मलियान बस्ती तक की सड़क पर बिखरी गिट्टियां। संवाद
- फोटो : 1
पीडीडीयू नगर। मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के लोहरा गांव से मलियान बस्ती तक करीब 1.30 किलोमीटर लंबी सड़क का नवनिर्माण होगा। मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड ने करीब 91 लाख रुपये की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी है।
लोहरा से मलियान बस्ती को जोड़ने वाली सड़क करीब 10 वर्षों से बदहाल है। रखरखाव के अभाव में सड़क पर बिछाई गई गिट्टियां उखड़कर बिखर गई हैं। इससे सड़क की स्थिति कच्चे रास्ते जैसी हो गई है।
बरसात में सड़क पर फिसलन होने से आवागमन और मुश्किल हो जाता है। आए दिन बाइक और साइकिल सवार फिसलकर गिरते हैं। सड़क किनारे नाली नहीं होने से घरों से निकलने वाला पानी भी सड़क पर फैलता रहता है।
इस मार्ग से गांव के स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों का रोजाना आवागमन होता है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत और नवनिर्माण की मांग की जा रही थी।
ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए विधायक ने पहल की। इसके बाद पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड ने सड़क के नवनिर्माण के लिए 91 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी है। अब शासन की स्वीकृति और बजट मिलने का इंतजार है।