पीडीडीयू नगर। पड़ाव चौराहे से सुभाष पार्क तक जीटी रोड को सिक्स लेन में शामिल किया गया है। अब इस सड़क के गड्ढों को भरने का काम सिक्स लेन बना रही संस्था करेगी। अभी तक इस सड़क की मरम्मत की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी की थी। वाराणसी से पीडीडीयू नगर को जोड़ने वाले जीटी रोड क्षतिग्रस्त हो जाने से राहगीरों को मुश्किलों को सामना करना पड़ रहा है। इस समय जीटी रोड के किनारे सिक्स लेन का काम चल रहा है। इस योजना में जीटी रोड को भी शामिल किया गया है। सिक्स लेन की कार्यदायी संस्था एप्को ने सड़क की दोनों पटरियों के किनारे बड़े-बड़े गड्ढे खोद दिया है। गर्मी के दिनों में तेज हवा चलने से गड्ढों से निकाली गई मिट्टी उड़ रही है। वहीं, जीटी रोड के गड्ढे भी मुसीबत बन रहे हैं। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के मौसम में आवागमन दुश्वार हो जाएगा।