जिलाधिकारी कुमार प्रशांत ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत बने नए राशन कार्डों का वितरण महिला मुखिया को किया। इसके बाद डीएसओ अजय कुमार सिंह ने वहां मौजूद करीब 25 महिलाओं में राशन कार्ड का वितरण किया और विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। बताया कि नए राशन कार्ड बनकर तैयार हैं। जल्द ही पूरे जनपद में नए राशन कार्ड का वितरण शुरू किया जाएगा।
इस दौरान डीएम ने कहा कि सरकार गरीबों की सहूलियत के लिए पात्र गृहस्थी व अंत्योदय योजना संचालित कर रही है। इसके तहत गरीब परिवारों को उनके सदस्यों की संख्या के अनुरूप राशन, मिट्टी का तेल व चीनी आदि का वितरण सस्ते दर पर किया जा रहा है। सरकार का यह प्रयास है कि गरीब परिवार को भोजन के लिए दर-दर भटकना न पड़े। कहा कि इन योजनाओं के तहत पात्र राशन कार्डधारकों के नए कार्ड बनकर तैयार हैं। जल्द ही सरकारी सस्ते गल्ले के दुकानदारों व विभागीय अधिकारियों की मदद से राशन कार्ड का वितरण किया जाएगा। इसके बाद डीएसओ एके सिंह द्वारा नगर पंचायत क्षेत्र की महिलाओं के बीच अंत्योदय व पात्र गृहस्थी के राशन कार्ड बांटे गए।