चंदौली मुख्यालय पर अधिकारियों के साथ बैठक करते प्रभारी मंत्री संजीव गोंड। स्रोत:-जागरूक पाठक
चंदौली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिले में प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियां तेज हो गई हैं।
मंगलवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रभारी मंत्री एवं समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले के मंदिरों, प्रमुख स्थलों और मार्गों के साथ घरों में दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर चिह्नित ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में रक्तदान शिविर और दिव्यांग कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवारों सभी लोगों से शाम सात बजे घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने की अपील की गई है। नदी घाटों, प्रमुख मंदिरों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और अस्पतालों में भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम होंगे।
बैठक में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, राज्यसभा सांसद साधना सिंह व दर्शना सिंह, मुगलसराय भाजपा विधायक रमेश जायसवाल, चकिया के भाजपा विधायक कैलाश खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह आदि मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।