नियामताबाद (चंदौली)। अलीनगर थाना क्षेत्र के ख्यालगढ़ गांव में भूसा गोदाम के दरवाजे पर सो रहे व्यापारी की धारदार हथियार से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई। परिजन हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस को शव नहीं सौंप रहे थे। पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया। मामले की जांच कर रही पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें बनाईं हैं। गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। अलीनगर थाना क्षेत्र के ख्यालगढ़ गांव निवासी भूसा व्यापारी महेंद्र कुमार उर्फ पप्पू (48 वर्षीय) रविवार की देर शाम खाना खाने के बाद अपने घर से करीब 50 मीटर दूर सड़क किनारे स्थित भूसा गोदाम के बाहर चौकी पर सोने चले गए। उनका बेटा इलिया क्षेत्र के बेन तियरी गांव में गई बरात में गया था। रविवार की देर रात किसी ने महेंद्र के सिर पर धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी। सोमवार की सुबह साढ़े सात बजे पत्नी मुन्नी देवी उन्हें जगाने गई तो पति को खून से लथपथ देख उसके होश उड़ गये। चौकी व बिस्तर पर खून फैला था। मुन्नी की चीख सुनकर परिजन व आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सीओ पीडीडीयू नगर अनिल राय, अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र विक्रम सिंह व लौदा चौकी प्रभारी प्रेम नारायण सिंह मयफोर्स पहुंचे। साथ ही पुलिस की फॉरेंसिक व डॉग स्क्वाड टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। परिजन हत्यारों की गिरफ्तारी व आर्थिक मदद की मांग को लेकर हो-हल्ला मचाने लगे। साथ ही बगैर मांग पूरी किए शव को नहीं ले जाने पर अड़ गए। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन माने। मृतक की पत्नी मुन्नी देवी, पुत्री गोल्डी व प्रिया, पुत्र शशिकांत व उषाकांत का रो-रो कर बुरा हाल था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एडिशनल एसपी चिरंजीवी मुखर्जी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों को लगाया गया है। हत्या में शामिल लोगों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा वहीं एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।