चकिया में उप जिलाधिकारी परिसर में आयोजित अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन में काव्य पाठ करते कवि म
- फोटो : File photo
चकिया। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की ओर से सोमवार देर शाम एसडीएम आवास परिसर में अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें देशभर से आए कवियों ने देशभक्ति, प्रेम, रिश्तों और हास्य-व्यंग्य से जुड़ी रचनाएं सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
सम्मेलन की शुरुआत चंदौली के कवि डॉ. मनोज द्विवेदी मधुर ने सरस्वती वंदना से की। लखनऊ की कवयित्री अंकिता शुक्ला ने बेटी और पिता के रिश्ते पर सुनाया, ''चोट मुझको लगी, दर्द उसको हुआ, कैसा रिश्ता है बेटी और बाप का।'' उनकी रचना ने श्रोताओं को भावुक कर दिया। गाजियाबाद की राधिका मित्तल ने प्रेम पर आधारित कविता सुनाई। इटावा के गौरव चौहान ने वीर रस की रचना प्रस्तुत की, जबकि महाराष्ट्र के चंदन राय ने पढ़ाई और प्रेम पर व्यंग्य किया। मध्य प्रदेश के अमित शुक्ला ने पुलिस और पत्नी पर हास्य रचनाएं सुनाकर खूब हंसाया। मोहन मुंतजिर, डॉ. सुरेश अकेला और विकास बौखल ने भी काव्य पाठ किया।
इससे पहले विधायक कैलाश आचार्य, पूर्व विधायक शिव तपस्या पासवान, चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव और एसडीएम विकास मित्तल सहित अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संयोजक मंडल ने अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।