पूर्व मध्य रेलवे के जीएम एके मित्तल ने सोमवार को रेलवे स्टेशन के अलावा माल गोदाम, कैरेज एंड वैगन और टीआरएस का निरीक्षण किया। यही नहीं उन्होंने कम वैगन तैयार होने पर नाराजगी जतायी। उत्पादन बढ़ाने की चेतावनी दी।
सुबह नौ बजे भुवनेश्वर संपर्क क्रांति से प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंचे जीएम एके मित्तल ने सबसे पहले स्टेशन पर साफ सफाई आदि की स्थिति को देखा। रेलवे ओवरब्रिज पर सफाई कर रहे मशीन को देखा। इसके बाद यात्री हाल में उन्होंने साफ सफाई का हाल देखा। उन्होंने छत पर लगे जाला को देख कर उसे साफ करने का निर्देश दिया। इसके बाद अधिकारियों के साथ वे माल गोदाम पहुंचे। यहां वैगन मरम्मत का कार्य को देखा। यहां वैगन की मरम्मत का काम लक्ष्य के अपेक्षा अत्यंत कम होने पर अधिकारियों को फटकार लगाई। यह कमी क्यों हो रही है इसके कारणों का जाना और अधिकारियों का सुझाव लिया। अधिकारियों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा लेबरों की संख्या कम करने और पूरी क्षमता से काम न होने की वजह से वैगन मरम्मत की गति धीमी हुई है। करीब बीस मिनट तक इसकी पड़ताल की और इसके बाद साइडिंग पर पहुंच कर स्थिति को देखा। अधिकारियों का जत्था इसके बाद कैरेज एंड वैगन केयर सेंटर पहुंचा। यहां भी उन्होंने मालगाड़ियों के बोगी की मरम्मत की स्थिति को देखा। उन्होंने अधिकारियों को रात की शिफ्ट में भी काम कराने का निर्देश दिया। इसके बाद वे टीआरएस शेड का निरीक्षण किया और स्टेशन पर पहुंच कर अधिकारियों से वार्ता कर मालगाड़ी के बोगियों की मरम्मत में तेजी लाने पर विचार विमर्श किया। दोपहर दो बजे वे हाजीपुर चले गए।