प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रहरियों (ग्राम चौकीदारों) के मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि की है। अब उन्हें 2500 रुपये के बजाय 3500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इसके साथ ही कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का लाभ भी दिया जाएगा। मंगलवार को चंदौली में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। जिले के विभिन्न थानों से जुड़े ग्राम चौकीदारों ने इसे देखा और सुना।
कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों से गांवों में सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों व संभावित आपराधिक घटनाओं की सूचना तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को देने की अपेक्षा की गई। मानदेय वृद्धि को उनकी भूमिका मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, चकिया विधायक कैलाश आचार्य, राज्यसभा सांसद साधना सिंह, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, एएसपी सदर विक्रम दहिया, सीओ लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, सीओ कार्यालय संजय कुमार राय और प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्रा मौजूद रहे।