धानापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के नरौली गांव में बृहस्पतिवार को दो ओझाओं ने एक विवाहिता को उसके पति की मौत का डर दिखाकर सोने का लॉकेट लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विवाहिता ने बताया कि वह घर के बाहर अकेली बैठी थी। इसी दौरान दो ओझा वहां पहुंचे और बातचीत के दौरान उसे अपनी बातों में उलझा लिया। आरोप है कि दोनों ने विवाहिता को डराते हुए कहा कि उसके पति को खून की उल्टी होगी और वह मर जाएगा। पति को बचाने का झांसा देकर आरोपियों ने पहले विवाहिता से साड़ी और रुपये मांगे।
इसके बाद उन्होंने मंत्र पढ़ने का नाटक किया और विवाहिता को एक वस्तु दी। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने विवाहिता से सोने का लॉकेट ले लिया। लॉकेट को एक कागज में रखकर विवाहिता को देते हुए कहा कि इसे शाम पांच बजे के बाद ही खोलना। इसके बाद दोनों भाग गए। कुछ देर बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपियों की तलाश शुरू की, लेकिन वे नहीं मिले।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये आरोपियों की तलाश कर रही है। इस संबंध में निरीक्षक एसएस आदर्श ने बताया कि पुलिस को मिली सूचना के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है।