टांडाकला। बलुआ थाना क्षेत्र के तीरगांवा पुल से गंगा में छलांग लगाने वाली किशोरी नेहा यादव का दूसरे दिन बुधवार को भी पता नहीं चल पाया। एसडीआरएफ की टीम सुबह से शाम तक नदी में किशोरी की तलाश में जुटी रही।
टांडाकला क्षेत्र के सरौली गांव की रहने वाली नेहा यादव की मंगलवार को चचेरी बहन निधि से मोबाइल फोन के मसले पर किसी बात को लेकर बहस हो गई। इससे नाराज होकर नेहा तीरगांवा पुल पर साइकिल से पहुंची। साइकिल पुल पर खड़ी कर गंगा में छलांग लगा दिया। नेहा का दूसरे दिन बुधवार को भी पता नहीं चल पाया। हालांकि मारूफपुर चौकी इंचार्ज अमित सिंह ने पुलिस कर्मियों के साथ सुबह से दोपहर तक तलाश कराई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम भी सुबह से शाम तक तलाश में जुटी रही। हालांकि उसका कुछ भी पता नहीं चल पाया। बलुआ थाना प्रभारी डॉ. आशीष मिश्रा ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ टीम लगातार गंगा में किशोरी की तलाश कर रही है। बाढ़ के कारण थोड़ा परेशानी हो रही है।