पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना क्षेत्र की एक युवती ने मंगलवार को वीडियो जारी कर आठ लोगों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि 10 जुलाई को मेरे साथ सामूहिक दुराचार हुआ। इसके बाद पुलिस ने निजी अस्पताल में मेडिकल कराया। थाने में मुझसे गाली-गलौज भी की गई। वहीं, मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने सिर्फ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
युवती ने वीडियो में बताया कि 10 जुलाई को पीडीडीयू नगर की गया काॅलोनी में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपने घर लौट रही थी। रास्ते में आठ लोगों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और फिर सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद युवती को रेलवे लाइन पर फेककर आरोपी भाग गए। किसी तरह पीड़िता ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे परिजन उसे थाने ले गए। आरोप लगाया कि पुलिस ने निजी अस्पताल में उसका मेडिकल कराया।
पीड़िता का आरोप है कि थाने में थानाध्यक्ष के इशारे पर भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए उसे पीटा गया। वाराणसी की सामाजिक संस्था दखल की नीति, शालिनी और इंदु ने पीड़िता से बातचीत की। वहीं एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना चल रही है। जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।