बलुआ थाना क्षेत्र के तीरगांवा पुल से बृहस्पतिवार की दोपहर में एक युवती ने गंगा में छलांग लगा दी। इस दौरान पुल पर ड्यूटी कर रहे दो सिपाहियों ने गोताखोरों की मदद से युवती की जान बचाई। इसके बाद परिजनों को बुलाकर युवती को उनके हवाले कर दिया गया।
गाजीपुर जिले के सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के राजापुर माहपुर की 22 वर्षीय युवती दोपहर में स्कूटी से तीरगांवा पुल पर पहुंची। यहां उसने स्कूटी खड़ी की और कुछ क्षण बाद गंगा में छलांग लगा दी। बलुआ-सैदपुर बार्डर पर तैनात हेड कांस्टेबल केशव निषाद और कृपाशंकर सिंह की नजर नदी में छलांग लगाते समय युवती पर पड़ गई। तत्काल दोनों सिपाही नावों से गोताखोरों के साथ युवती को बचाने नदी में पहुंच गए। कुछ देर बाद युवती को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया। पुलिसकर्मियों ने परिजनों को सूचना दी और युवती को अस्पताल ले गए। कुछ देर बाद युवती के परिजन अस्पताल पहुंच गए।