धीना। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के वीरासराय गंगा नदी पर स्थापित लिफ्ट कैनाल की बदहाल स्थिति के चलते किसानों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कैनाल और उससे जुड़ी नहरों की समय पर सफाई न होने से पानी का बहाव बाधित होता है। इससे पानी ओवरफ्लो होकर सीधे गंगा नदी में गिर जाता है। इसके अलावा कैनाल से जुड़ी पाइपलाइनों में लीकेज होने से खेतों में भरपूर पानी नहीं मिल पा रहा है।
किसान सारनाथ चौरसिया, गुड्डू सिंह, अनिल श्रीवास्तव, रामजी तिवारी सहित अन्य लोगों ने बताया कि पहले यह पंप कैनाल करीब 50 क्यूसेक पानी वहन करता था, जिसे घटाकर 30 क्यूसेक कर दिया गया है। पहले दो मोटरें चलती थीं, जबकि अब एक ही मोटर से मात्र 15 क्यूसेक पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे कैनाल की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
उनका कहना है कि पानी के लिए बार-बार संघर्ष करना पड़ रहा है। इससे फसलों के उत्पादन पर असर पड़ रहा है। इस संबंध में अवर अभियंता सुनील कुमार यादव ने बताया कि कैनाल में लगी पाइपलाइन काफी पुरानी हो चुकी है। जॉइंट से पानी का रिसाव हो रहा है, जिसे अस्थायी रूप से ठीक किया जा रहा है। पाइपलाइन के नवीनीकरण और मरम्मत के लिए विभाग को प्रस्ताव भेज दिया गया है। बजट स्वीकृत होते ही पाइप बदली जाएंगी। जेई सुनील यादव ने बताया कि कैनाल में लगी पाइपलाइन पुरानी हो चुकी है। पाइप के जॉइंट पर रिसाव हो रहा है, जिसे अस्थायी रूप से दुरुस्त किया जा रहा है। संवाद