बाइक खड़ा करने को लेकर उपजे विवाद में शनिवार की शाम एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और घायलों को कोतवाली ले आई। आवश्यक कार्यवाही के बाद उन्हें मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया गया। कोतवाली क्षेत्र के धर्मशाला रोड स्थित एक गली में नरेन्द्र पाल सिंह व मातेश्वर व जितेन्द्र की आमने-सामने दूकान है।
शनिवार की शाम नरेन्द्र पाल सिंह का पुत्र (25) वर्षीय बलविन्दर सिंह अपनी दूकान पर पहुंचा और बाइक खड़ी कर दी। जिस पर सामने के दूकानदार भाई मातेश्वर व जितेन्द्र ने उसे बाइक पीछे करने को कहा। जिस पर दोनों में विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गयी कि दोनों पक्षों में हाथपाई होने लगी। बलविन्दर के पिता नरेन्द्र पाल सिंह बीच बचाव करने पहुंचे तो दोनों ने उन पर हमला कर दिया। वहीं बलविन्दर को भी मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल पक्ष का आरोप है कि दोनों में कई दिनों से बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद चल रहा है।
इससे पहले भी कहा सुनी हुई थी। उसी खुन्नस को लेकर दोनों ने कुछ अराजक तत्वों को बुलाकर पहले से आसपास खड़ा कर दिए थे। जैसे ही बलविन्दर बाइक लेकर आया दोनों के बीच फिर झगड़ा होने लगा इसके बाद साथियों ने हमला बोल दिया। इसमें नरेन्द्रपाल सिंह व बलविन्दर सिंह घायल हो गये। पुलिस ने घायलों को पहले कोतवाली ले आयी जहां आवश्यक कार्यवाही के बाद उन्हें मेडिकल के लिए भेज दिया। वहीं दूसरा पक्ष भी थाने आकर अपना पक्ष रखा। इस संबंध में प्रभारी कोतवाल साजिद सिद्दीकी ने बताया कि दो पक्षों में विवाद हो गया था जिस पर कानूनी कार्यवाही की जा रही है।