अखिल भारतीय किसान महासभा के बैनर तले बुधवार को किसानों ने छितो गांव से जुलूस निकाला और कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला प्रशासन के साथ-साथ शासन पर भी जमकर निशाना साधा। कहा कि अगर किसानों की मांगों को जिला प्रशासन नहीं मानता है तो जल्द ही फ्रेट कॉरिडोर के कार्य को किसान रोक देंगे, जिसके लिए पूरी जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा। अंत मांगों से संबंधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार किसानों को ठगने का काम कर रही है, जो भी योजनाएं किसानों के लिए बनाई जा रही है। उसका लाभ देने की बजाय केवल राजनीति की जा रही है। सरकारी योजनाओं से किसान पूरी तरह से अछूते हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि केन्द्र व प्रदेश सरकार दोनों मिले हुए हैं। देश व प्रदेश का विकास नहीं हो सकता। कहा कि अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है, लेकिन किसानों की समस्या का समाधान करने में शासन व प्रशासन दोनों नाकामयाब हैं, जबकि किसानों को मुआवजा, नौकरी के लिए तमाम कानून बने हुए हैं। इस अवसर पर शशिकांत कुशवाहा, अनिल पासवान, शांति देवी, किस्मत यादव, मिठाई लाल आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता बचानू लाल व संचालन शशिकांत सिंह ने किया।