सकलडीहा। वाराणसी के कोरोना संक्रमित दुकानदार से दवा लेकर आने वाले कस्बा स्थित दवा दुकानदार व उसके परिवार की स्वास्थ्य टीम ने शुक्रवार को थर्मल स्क्रीनिंग की। इसके बाद दवा विक्रेता और उसकी पत्नी को आगे जांच के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। वहीं पूरे परिवार को होम क्वारंटीन रहने के लिए घर पर नोटिस चस्पा भी किया गया। इस दौरान तीन दर्जन से अधिक लोगों ने भी थर्मल स्क्रीनिंग कराई।
बता दें कि सप्तसागर मंडी में दवा विक्रेता के कोरोना संक्रमित होने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह से एलर्ट है। 22 अप्रैल सकलडीहा कस्बा स्थित एक दवा विक्रेता उसी दुकानदार से दवा खरीदकर लाया था। बुधवार को इसकी भनक लगने ही कोतवाली पुलिस एलर्ट हो गई और दवा विक्रेता के घर पर सभी लोगों के होम क्वारंटीन रहने का नोटिस चस्पा किया। शुक्रवार को सीएचसी से स्वास्थ्य टीम को बुलाकर दुकानदार सहित पूरे परिवार का थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई। दवा विक्रेता और उसकी पत्नी को आगे की जांच के लिए जिला हॉस्पिटल भेज दिया। इस बाबत सीएचसी अधीक्षक डा योगेन्द्र दास ने बताया कि दवा विक्रेता को जांच के लिये भेज दिया गया है। थर्मल स्क्रीनिंग और अन्य लक्षण सामान्य मिले है। इस मौके पर डा. चन्द्रशेखर, बीपीएम उपेन्द्र कुमार सिंह, फार्मासिस्ट हेमंत शर्मा, सुनील और कस्बा प्रभारी बाबूराम यादव सहित पुलिस फोर्स मौजूद रही।