सकलडीहा। वाराणसी के सप्तसागर स्थित दवा मंडी से जुड़े क्षेत्र के एक हास्पिटल संचालक व डाक्टर ने कोरोना संदिग्ध होने पर स्वयं को जिला अस्पताल में क्वारंटीन कर दिया है। इसकी जानकारी होने पर एसडीएम प्रदीप कुमार ने जांच रिपोर्ट आने तक हास्पिटल को बंद रखने का निर्देश दिया है। सभी कर्मचारियों को क्वारंटीन रहने का निर्देश दिया गया है। वहीं कस्बा के एक दवा व्यापारी को भी संदिग्ध मानते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिवार सहित घर में क्वारंटीन कर दिया है।
स्वयं को क्वारंटीन करने वाले चिकित्सक का कस्बा में निजी हास्पिटल है। हास्पिटल में दवा आदि के लिए चिकित्सक वाराणसी के कोरोना पॉजिटिव दुकानदार के यहां गया था। वहां से आने के बाद तबीयत खराब महसूस होने पर चिकित्सक परेशान था। दो दिन पूर्व चिकित्सक ने जिला हास्पिटल पहुंचकर स्वयं को क्वारंटीन कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को लगते ही खलबली मच गई। एसडीएम के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट आने तक हॉस्पिटल को बंद रखने का निर्देश दिया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना मिली कि दो दिन पूर्व कस्बा का एक दवा व्यापारी भी सप्तसागर दवा मंडी गया था। जानकारी के बाद दवा विक्रेता के घर पुलिस के साथ पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे परिवार को घर में क्वारंटीन कर दिया है। सीओ जगतराम कन्नौजिया ने बताया कि चिकित्सक द्वारा स्वयं को जिला अस्पताल में क्वारंटीन कर दिया गया है। साथ ही हास्पिटल को बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के नईबाजार चौकी क्षेत्र का एक युवक कुछ दिन पूर्व मुंबई से घर पहुंचा था। युवक के मोबाइल में आरोग्य सेतु ऐप रेड होने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक को जिला अस्पताल में क्वारंटीन कर दिया है। सीएचसी अधीक्षक डा योगेंद्र दास ने बताया कि अब तक तीन लोगों को जिला अस्पताल में क्वारंटीन किया जा चुका है।
सकलडीहा। क्षेत्र के पांच गांवों में रविवार की सुबह राजस्थान के चित्तौड़ से पहुंचे दो दर्जन से अधिक युवकों को कोतवाली पुलिस ने जांच कराकर होम क्वारंटीन कर दिया है। उन्हें 14 दिनों तक घर में ही रहने का निर्देश दिया गया है।
क्षेत्र के तेंदुईपुर, बहरवानी, नईबाजार, दिवाकर और दिघवट गांव में कुछ दिन पूर्व राजस्थान के चित्तौड़ से दो दर्जन से अधिक युवक पहुंचे हैं। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने सभी को जांच कराकर होम क्वारंटीन कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बाद भी क्वारंटीन किए गए कई युवक बाहर घूम रहे हैं। उन्होंने बाहर से आए इन युवकों को जिला अस्पताल में क्वारंटीन करने की मांग की है। सीओ ने बताया कि लापरवाही पाए जाने पर क्वारंटीन किए गए युवकों और उनके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।