सकलडीहा। स्थानीय बिजली उपकेंद्र के द्वितीय फीडर से जुड़े गांव बरठीं में वर्षों पुराना बिजली का तार जर्जर हो गया है। इसको बदलने के लिए कुछ माह पहले प्रक्रिया शुरू हुई लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण सिर्फ खंभा बदल दिया गया। तार को नहीं बदला गया। इसके कारण आए दिन तार टूट कर गिर रहे हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सकलडीहा बिजली उपकेंद्र के बरठीं गांव की आबादी लगभग पांच हजार के करीब है। गांव में बिजली तार कई वर्षों पहले लगाए गए थे। वे काफी जर्जर हो चुके हैं। इसको बदलने के लिए ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से शिकायत की। कुछ माह पूर्व तार बदलने के लिए नए खंभे लगाए गए लेकिन तार अब तक नहीं बदले गए। गांव के अलाउद्दीन, मुकेश यादव, हीरा, बबलू पाल, शकील अंसारी, अंगद आदि ने बताया कि बिजली का तार न बदले जाने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कहा कि इसकी शिकायत चंदौली सांसद और केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय से भी की गई है। इस संबंध में एसडीओ संजय कुमार ने बताया कि जल्द ही सर्वे कर जर्जर तार बदले जाएंगे।