दुलहीपुर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मलोखर गांव निवासी राजू विश्वकर्मा (25) का मंगलवार की सुबह घर के पास एक बागीचे में संदिग्ध हाल में शव पड़ा हुआ मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को शव कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मलोखर गांव निवासी राजू विश्वकर्मा (25) मूल रूप से वाराणसी स्थित बाबतपुर क्षेत्र का रहने वाला था। वह यहां अपनी नानी, मां और मामा के साथ रहकर बढ़ई का कार्य करता था। परिवार वालों ने बताया कि सोमवार की रात को वह घर नहीं आया था। इसके बाद परिवार वालों ने उसकी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चल सका। मंगलवार की सुबह घर के पास स्थित एक बागीचे में आम के पेड़ के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद वहां धीरे-धीरे लोगों की भीड़ लगना शुरू हो गई। लोगों ने शव की शिनाख्त राजू विश्वकर्मा के रूप में की। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और कोतवाली ले आई। जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।