मुगलसराय
कोतवाली अंतर्गत औद्योगिक नगर क्षेत्र के एक सीमेंट कंपनी में मंगलवार की
सुबह काम के दौरान करंट की चपेट में आने से एक संविदा श्रमिक की मौत हो
गई, जबकि दो श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए।
श्रमिकों को निजी अस्पताल में
भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज
दिया। इस घटना के बाद परिवार वालों और कंपनी के अधिकारियों के बीच मुआवजा
के लिए नोक झोंक होती रही।
औद्योगिक नगर के सीमेंट कंपनी में अनिल
तिवारी (35) निवासी करैला चांद बिहार, चमरू (42) निवासी कर्जी जमालपुर
मिर्जापुर, अखिलेश (22) निवासी असंदा चैनपुर बिहार आदि संविदा पर मजदूरी कर
रहे थे।
फैक्टरी के परिसर के ऊपर से 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार गया
है। मंगलवार की सुबह फैक्टरी के बाउंड्री वाल पर पुताई कर रहे थे। पुताई
करने के लिए मजदूरों ने लोहे की सीढ़ी लगाई। दअनिल सीढ़ी पर चढ़ गया और
चमरू तथा अखिलेश ने सीढ़ी पकड़ ली।
सीढ़ी लंबी होने से ऊपर हाईटेंशन तार
से छू गई और तीनों करंट की चपेट में आ गए। करंट से अनिल तिवारी की मौके पर
ही मौत हो गई वहीं चमरू और अखिलेश गंभीर रूप से झुलस गए। इससे फैक्टरी
परिसर में हल्ला मचने लगा। शोर सुनकर भीड़ जुट गई।
लोगों ने किसी तरह बांस
आदि के सहारे तीनों को करंट की चपेट से छूड़ाया और झुलसे मजदूरों को निजी
अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना पाकर मुगलसराय कोतवाल आनंद सिंह,
औद्योगिक नगर चौकी प्रभारी माधव सिंह आदि पहुंच गए। देर शाम परिवार के
सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। देर शाम तक मुआवजा को लेकर पंचायत होती रही।
चौकी प्रभारी माधव सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई होगी।