पीडीडीयू नगर। माघ पूर्णिमा के बाद प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने के लिए वहां जाने वालों की भीड़ शनिवार को फिर बढ़ गई। यात्रियों की बढ़ी भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन की तरफ से गया और पीडीडीयू जंक्शन से 25 स्पेशल ट्रेनें प्रयागराज भेजी गईं। वहीं रात 12 बजे से शनिवार को अपराह्न तीन बजे तक कुल 51 स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। यात्रियों को सुरक्षित ढंग से ट्रेनों पर सवार कराने में सुरक्षा बलों को पसीने बहाने पड़े।
प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने वालों की भीड़ कम नहीं हो रही है। माघ पूर्णिमा पर प्रयागराज में अमृत स्नान के लिए स्टेशन से काफी संख्या में लोग गए थे। वहां से स्नान के बाद पलट प्रवाह का असर भी दिखा। प्रयागराज महाकुंभ में स्नान कर लोग काशी और अयोध्या में दर्शन-पूजन के बाद लौट रहे हैं। इस बीच शनिवार को अचानक प्रयागराज जाने वालों की भीड़ फिर बढ़ गई। यात्रियों को सुरक्षित ढंग से ट्रेनों पर सवार कराने में आरपीएफ, जीआरपी और वाणिज्य विभाग के अधिकारियों के पसीने बहाने पड़े। रेल प्रशासन के मुताबिक शुक्रवार की रात 12 बजे से शनिवार को अपराह्न तीन बजे तक गया और पीडीडीयू जंक्शन से प्रयागराज के लिए कुल 25 स्पेशल ट्रेनें भेजी गईं। वहीं प्रयागराज से पीडीडीयू जंक्शन के लिए 12 स्पेशल ट्रेनें आईं। पीडीडीयू जंक्शन से गया के लिए नौ, पटना के लिए चार और गया के रास्ते रांची के लिए एक स्पेशल ट्रेन रवाना की गई। यात्रियों को सुरक्षित ढंग से ट्रेनों में सवार कराने के लिए स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह, आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत, जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, सीएसजी एनके मिश्र आदि टीम के साथ लगे रहे।