शहाबगंज के सेमरा में विचार गोष्ठी में बोलते मुख्य अतिथि महेन्द्र राव। स्रोत:-जागरूक पाठक
शहाबगंज। विकासखंड के सेमरा गांव स्थित बगीचे में बुधवार को संवैधानिक मौलिक अधिकारों पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें भारतीय संविधान के महत्व और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान पर चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि महेंद्र राव ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर देता है। आजादी से पहले समाज के पिछड़े और वंचित वर्गों को शिक्षा सहित कई बुनियादी सुविधाओं और अधिकारों से वंचित रहना पड़ता था। उन्होंने कहा कि संविधान नागरिकों को अपने विचार रखने, शिक्षा प्राप्त करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी का अवसर देता है। मतदान का अधिकार लोकतंत्र की अहम ताकत है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृष्ण कुमार संत ने की, जबकि संचालन सुमित कुमार ने किया। इस दौरान निरंजन, मुन्ना भास्कर, अजय कुमार, अरुण कुमार, घनश्याम, लल्लन बागी, परदेशी राम, संदीप कुमार, मदन, शोभनाथ, रामकरण, रामप्रसाद, विनोद और सुरेंद्र राव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।