पीडीडीयू नगर। वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़े सकलडीहा-कमालपुर-अमड़ा मार्ग के दिन बहुरने वाले हैं। पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क बनवाने के लिए 41 करोड़ रुपये की कार्ययोजना सरकार को भेजी गई थी। इनमें शासन ने 10 करोड़ रुपये की पहली किस्त अवमुक्त कर दिया है। सड़क की नाप-जोख का कार्य आरंभ कर दिया है। शीघ्र ही मार्ग के मरम्मत का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। वहीं क्षतिग्रस्त अलीनगर-पचफेड़वा मार्ग को आरसीसी करने के लिए पीडब्ल्यूडी ने 36 करोड़ रुपये की कार्ययोजना बनाकर शासन के पास भेजी है। स्वीकृति मिलने पर इस मार्ग को भी बनाने का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। गाजीपुर जिले को जनपद से जोड़ने वाली इस सड़क के लगभग 26 किलोमीटर हिस्से को सकलडीहा-कमालपुर-अमड़ा मार्ग का नाम दिया गया है। सड़क पर पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान लेपन कार्य कराया गया था। लेकिन फिर सड़क बिल्कुल क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क पर कई बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं जिनमें आए दिन गिरकर लोग घायल होते रहते हैं। पिछले दिनों हुई बरसात से कई गड्ढों में पानी भर गया है जिससे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और दो व तीन पहिया वाहन फंसकर गिर जाते हैं। पीडब्ल्यूडी ने फरवरी माह में सड़क मरम्मत के लिए शासन से 41 करोड़ रुपये की मांग की थी। इनमें 10 करोड़ रुपये विभाग को मिल गए हैं।