क्षेत्र के जामडीह गांव स्थित बाबा जामेश्वरनाथ धाम पर शुक्रवार को संतान की प्राप्ति के लिए देश के कई प्रांतों से हजारों महिलाओें ने आकर शिव तालाब में स्नान कर बाबा जामेश्वरनाथ धाम पर मन्नत पूरी होने के लिए पूजन-अर्चन किया। आधी रात से ही श्रद्धालुओं का स्नान शुरू हो गया।
बाबा जामेश्वरनाथ धाम पर पुत्रधन की प्राप्ति के लिए हजारों दंपतियों ने बाबा के मंदिर पर अपनी हाजिरी दी। गुरुवार से ही बाबा के धाम पर श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू हो गया था। वहीं शुक्रवार की आधी रात से ही स्नान व पूजन का कार्य आरंभ हो गया। मान्यता है कि बाबा के धाम आने के दौरान ही महिलायें पहने हुए सारे वस्त्र व चूड़ी, कंगन सहित अन्य वस्तुओं का त्याग कर स्नान करके नया वस्त्र धारण करती हैं। इसके बाद बाबा के धाम पर पहुंचकर जलाभिषेक के बाद पूजन-अर्चन करती हैं। धाम पर बिहार, बंगाल, उडीसा, छत्तिसगढ़, मध्यप्रदेश, झारखंड, पंजाब सहित अन्य प्रदेशों से श्रद्धालु पहुंचे।