सुबह टहलने निकले वृद्ध का शव पोखरे में उतराया मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
सैयदराजा। स्थानीय थाना क्षेत्र के नगर पंचायत कार्यालय के पास मंगलवार की सुबह टहलने निकले लोगों ने पोखरे में एक वृद्ध का शव उतराया हुआ देखा। इससे वहां सनसनी फैल गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोखरे से निकलवाया। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मरचरी में रखवा दिया। कुछ देर बाद थाने पहुंचे मृतक के परिजनों ने फोटो के आधार पर उनकी पहचान वार्ड नंबर दो निवासी श्यामनारायण विश्वकर्मा (75) के रूप में की।
परिजनों ने बताया कि वृद्ध रोज सुबह टहलने के लिए दुधारी चौराहा के तरफ जाते थे। मंगलवार की सुबह वे नगर पंचायत कार्यालय के पोखरे की ओर टहलने चले आए। संभवत: हाथ पैर धोने के लिए वे पोखरे की सीढ़ी पर गए होंगे और फिसलकर गहरे पानी में चले गए। जिससे डूबने से उनकी मौत हो गई। बाजार के नागरिक सुबह टहलने निकले तो पोखरे में शव उतराया देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। अंत में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कुछ देर बाद मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो वे थाने पहुंच गए। तब तक पुलिस शव को जिला अस्पताल भेजकर मर्चरी में रखवा दिया था। परिजनों ने पुलिस द्वारा खींची गई मृतक की फोटो देखकर उसकी शिनाख्त श्याम नारायण विश्वकर्मा के रूप में की। मृतक के परिजन शव लेने जिला अस्पताल पहुंच गए थे।