सकलडीहा के सरेहुआ खुर्द में युवक के मौत के बाद जुटी भीड़। स्रोत: जागरूक पाठक
- फोटो : 1
स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सरेहुआ खुर्द गांव में सोमवार सुबह बांस की बल्ली के सहारे गमछे के फंदे से लटकता युवक का शव मिला। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान अंबाचक मनिहरा गांव निवासी धरमु राजभर के छोटे पुत्र कमलेश राजभर (25) के रूप में हुई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर जांच-पड़ताल की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
कमलेश मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो भाइयों में छोटा था। सोमवार सुबह सरेहुआ खुर्द गांव में उसका शव बांस की बल्ली के सहारे गमछे के फंदे से लटका मिला। जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
सूचना पर पहुंची सकलडीहा कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। संवाद