पीडीडीयू नगर। लेबनान से अपने देश में होली मनाने लौटे व्यक्ति का बैग उचक्कों ने ट्रेन में गायब कर दिया। यात्री दिल्ली से ट्रेन से पीडीडीयू जंक्शन आ रहा था। रविवार को दोपहर में ट्रेन पीडीडीयू जंक्शन पर पहुंचने पर पीड़ित ने जीआरपी में तहरीर दी।
मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के गोसलडीह, सूरजपुरा विक्रमगंज निवासी धीरेंद्र कुमार सिंह दो साल से लेबनान में रह रहे हैं। वे होली का पर्व परिवार के साथ मनाने के लिए अपने देश में लौटे। दो दिन पहले वे दिल्ली पहुंचे। वहां से वे शनिवार की रात दिल्ली-पटना होली स्पेशल हमसफर एक्सप्रेस के एसी कोच एम-12 में सवार होकर दिल्ली से पीडीडीयू जंक्शन के लिए चले थे। पीडीडीयू जंक्शन पर उतर कर उन्हें सासाराम दूसरी ट्रेन से जाना था। जीआरपी को दी गई तहरीर में उन्होंने बताया है कि रविवार को सुबह ट्रेन कानपुर से आगे चली थी। उस बीच उनकी नींद खुली तो उनका हैंडबैग गायब था। ट्रेन में खोजबीन करने पर दूसरे कोच में उनका बैग मिल गया, लेकिन बैग से 1500 रुपये भारतीय मुद्रा, 10 अमेरिकी डालर, 500 लीरा, मोबाइल फोन आदि गायब थे। जीआरपी पीडीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर संबंधित थाने को भेजा जा रहा है।