पीडीडीयू नगर। दिवाली और डाला छठ पर दुकानों में पटाखों के भंडारण की आशंका को देखते हुए शनिवार को एसपी के निर्देश पर जिले भर में पटाखों की दुकानों की अधिकारियों ने जांच की। सड़क पर उतरकर प्रशासन की टीम ने जांच की। इसके पूर्व अमर उजाला ने शुक्रवार के अंक में सिर्फ 5 लोगों के पास है पटाखा बेचने का लाइसेंस शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद जांच शुरू की गई है।
एसडीएम पीडीडीयू नगर अनुपम मिश्र, सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा, एसडीएम सदर दिव्या ओझा और सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने मुख्य अग्नि शमन अधिकारी कुमार रमाशंकर तिवारी के साथ मिलकर मुगलसराय कोतवाली और सदर कोतवाली में छह से अधिक आतिशबाजी की दुकानों पर पहुंच कर जांच की। इस दौरान लाइसेंस की जांच की गई। दुकानों पर आग बुझाने के पर्याप्त इंतजामों का निरीक्षण किया गया। दुकानदारों को निर्देश दिए कि आतिशबाजी नियमानुसार व सावधानीपूर्वक बेचें। एक दुकान से दूसरे दुकान के बीच की दूरी 3 मीटर होगी। आमने-सामने दुकान की दूरी कम से कम 30 मीटर होगी। प्राथमिक अग्निशमन की व्यवस्था के तहत ड्रम में 200 लीटर पानी, कम से कम 02 फायर बकेट, फायर एक्सींग्यूजर और सीलिंग हुक उपलब्ध हो व दुकानों के बीच पार्किंग नहीं होगी।
पटाखा की दुकान टीन सेड के अंदर रहेगी, हैलोजन लाइट का प्रयोग नहीं करेंगे, कॉटन के कपड़े का प्रयोग करें व प्लास्टिक रस्सी के जगह नारियल की बनी रस्सी का प्रयोग करेंगे। निर्देश दिया कि बच्चों से पटाखे की बिक्री न कराई जाए व आबादी से दूर खली स्थान में दुकान लगाई जाए।
चेतावनी दी कि यदि कोई भी दुकानदार रिहायशी क्षेत्र में बिना लाइसेंस पटाखा बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।