पीडीडीयू नगर। चंदौली कोतवाली पुलिस ने सैयदराजा थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी दिलशाद (42) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उसे सोमवार शाम करीब 6:10 बजे पंचफेड़वा-अलीनगर से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत नौ प्राथमिकी दर्ज हैं।
27 नवंबर 2024 को रोहतास, बिहार निवासी इम्तेयाज खान ने सैयदराजा थाने में तहरीर दी थी। इसमें बताया था कि ट्रक पर 25 टन कोयला लादकर चालक और खलासी डेहरी से सीतापुर के लिए निकले थे। 28 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे ट्रक के बगही कुंभापुर के पास से लूटे जाने की सूचना मिली। बाद में चालक और खलासी पर ही ट्रक लूटने का शक जताया गया। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र के मरखामऊ नई बाजार निवासी दिलशाद का नाम सामने आया। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वर प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वर प्रसाद पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्रयागराज, जौनपुर और चंदौली के विभिन्न थानों में एससी-एसटी एक्ट, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत नौ मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।