पड़ाव। पीडीडीयू नगर-पड़ाव मार्ग पर शुक्रवार की सुबह दो ट्रकों के बीच आई कार के परखच्चे उड़ गए। काफी मशक्कत के बाद कार में सवार शिक्षिका और तीन वर्ष के बच्चे को लोगों ने गेट तोड़कर बाहर निकाला लेकिन चालक कार में फंसा रहा। वहीं, करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गैस कटर से कार को काटकर चालक को निकाला गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। किसी को भरोसा नहीं हो रहा था कि इतने बड़े दुर्घटना में कोई कैसे बच सकता है। लोग कहते रहे-जाको राखे साइयां, मार सके न कोय। वाराणसी के शिवपुर की रहने वाली और नियामताबाद ब्लॉक के अमोघपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय की सहायक अध्यापिका अंकिता (40) अपने तीन वर्षीय बेटे शिवांश के साथ कार से विद्यालय जा रही थीं। कार वाराणसी निवासी जितेंद्र कुमार चला रहा था। पड़ाव-पीडीडीयू नगर मार्ग पर चौराहे से सौ मीटर दूरी पर सुबह आठ बजे एक ट्रक पर हाइटेंशन तार टूटकर गिर गया। इसके बाद चालक ने ट्रक रोक दिया। कुछ देर बाद पीछे से आई शिक्षिका की कार ट्रक में टकरा गई। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। इससे कार के परखच्चे उड़ गए। कार में फंसे तीनों लोगों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहीं, बीच दुर्घटना से सड़क पर यातायात बाधित हो गया लोगों ने दरवाजा तोड़कर करीब आधा घंटा बाद महिला और बच्चे को बाहर निकाला। वहीं, एक घंटे तक मशक्कत कर गैस कटर, छेनी हथौड़ी से कार की बॉडी को काटकर चालक को बाहर निकाला। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे से तीन घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को हटवाया तब यातायात सामान्य हुआ। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी वीर बहादुर सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।