बंद पड़ा जमसोती प्राथमिक विद्यालय।
डीएम कुमार प्रशांत के निर्देश पर जिले के आला अधिकारियों ने गुरुवार को स्थानीय विकास खंड के 60 स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान दस विद्यालय बंद मिले। निरीक्षण के दौरान कई अध्यापक नदारद मिले। देर शाम अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट कार्रवाई के लिए डीएम को सौंपी। अधिकारियों ने टीम ने गांवों में आंगनबाड़ी केेंद्रों का निरीक्षण करते हुए वहां चल रहे हौसला योजना की सच्चाई भी परखी। कार्रवाई में बीएसए और शिक्षा अधिकारियों को शामिल नहीं किया गया था।
डिप्टी कमिश्नर मनरेगा जगदीश त्रिपाठी ने प्राथमिक विद्यालय जमसोत और मगरहीं का निरीक्षण किया। यहां आंगनवाड़ी और विद्यालयों में ताला लगा दिखा, जबकि प्राथमिक विद्यालय शाहपुर के हेडमास्टर छत्रपाल सिंह ने अनुपस्थित तीन अध्यापकों सुशील सिंह, संजय सिंह, स्वारथ के बारे में बताया कि दवा लेने नौगढ़ गए हैं। डिप्टी मनरेगा ने उन अध्यापकों को अनुपस्थित किया।
इसी प्रकार जिला सेवा योजना, अर्थसंख्या एवं अधिकारी, पशु चिकित्सक, डीपीआरओ, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक आदि अधिकारियों ने छह-छह विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया और अनुपस्थित अध्यापकों की उपस्थिति पंजिका में अनुपस्थिति दर्ज की।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी नौगढ़ प्रदीप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को नौगढ़ में विद्यालयों का निरीक्षण कराया गया है। सोमवार से निरीक्षण अभियान में तेजी लाएंगे।
वहीं इस निरीक्षण के बाद शिक्षा अधिकारी स्कूल में बच्चों व अध्यापकों की उपस्थिति, फल, दूध वितरण, शौचालय, हैंडपंप, बाउंड्रीवाल रसोईयां के अलावा ड्रेस पुस्तक वितरण की समीक्षा करते हुए हिंदी और पर्यावरण के बारे में बच्चों से पूछते रहे।