पीडीडीयू नगर / चहनियां। मुगलसराय कोतवाली सहजौर गांव स्थित गंगा नदी में डूबे नौवीं कक्षा के छात्र अभय यादव (15) का शव दो दिन बाद बुधवार की दोपहर में बलुआ गंगा घाट पर उतराया मिला। पिता ने बेटे की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं गायब बेटे का शव मिलने से परिवार वालों में कोहराम मच गया। मोबाइल पर गेम खेलने पर मां की डांट से क्षुब्ध होकर किशोर ने गंगा में छलांग लगाई थी।
मुगलसराय कोतवाली के चतुर्भुजपुर निवासी राजेश रोशन के छोटे बेटे नौवी कक्षा में पढ़ने वाले अभय यादव (15) को सोमवार की सुबह मोबाइल पर गेम खेलने पर मां चंद्रावती ने डांट लगाई। इससे क्षुब्ध होकर वह साइकिल से घर से निकल गया। वह साइकिल सहजौर गांव स्थित एक मंदिर के पास खड़ी कर गंगा में छलांग लगा दी। पुलिस ने मल्लाहों की मदद से अभय की खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला।
एनडीआरएफ ने भी खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला तो मंगलवार को तलाश बंद कर दी गई। किशोर के मिलने की आस में लोग मंगलवार की शाम तक गंगा घाट पर लोग खड़े रहे। वहीं पुलिस ने अभय की फोटो आसपास के थानों पर भिजवा कर खोजने की अपील की थी।
इसी बीच बुधवार की दोपहर में बलुआ गंगा घाट पर किशोर का उतराया शव मिलने पर क्षेत्रीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अभय के पिता राजेश को सूचना दी। मौके पर पहुंचे राजेश यादव ने बेटे के शव की पहचान की और इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दूसरी तरफ दो दिनों से लापता बेटे का शव मिलने के बाद परिवार वालों में कोहराम मच गया।
माता चंद्रावती, भाई आदर्श और पिता राजेश का रो रोकर हाल बेहाल रहा। बलुआ थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने कहा कि गंगा घाट पर किशोर का शव मिला है। शव की शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।